रतलाम, 10 मई (खबरबाबा.कॉम)। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला रतलाम द्वारा गुलाब चक्कर स्थित नवीन भवन में नवीन कार्यालय, नई एम्बुलेंस एवं हेल्पलाइन सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं रेडक्रॉस संस्थापक हेनरी दयुनोट के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। रेडक्रॉस मंत्र का वाचन संचालक राजेश राका ने किया।
कार्यक्रम पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के मुख्य आतिथ्य तथा नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा एवं दानदाता विकास सरदारमल छाजेड़, जयंतीलाल डांगी और हीरालाल डांगी के आतिथ्य में संपन्न हुआ।
स्वागत भाषण देते हुए रेडक्रॉस चेयरमैन प्रितेश गादिया ने संस्था द्वारा संचालित एम्बुलेंस सेवा, ब्लड बैंक, जन औषधि केंद्र, चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रम, वृद्धाश्रम, दवाई दुकान और सोनोग्राफी सेंटर जैसी सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दानदाताओं ने संस्था पर जो विश्वास जताया है, उसे पूर्ण करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने शासन से रतलाम में शीघ्र कैंसर कीमो सेंटर प्रारंभ करने की मांग भी रखी। साथ ही दो नई घोषणाएं करते हुए बताया कि सरकारी एवं निजी अस्पतालों में जूनियर रेडक्रॉस के माध्यम से दवाई संग्रहण केंद्र खोले जाएंगे तथा “रेडक्रॉस सेवा संकुल आरएसएस” का निर्माण कर बच्चों और युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ा जाएगा।
दानदाता विकास सरदारमल छाजेड़ एवं जयंतीलाल डांगी ने अपने उद्बोधन में पूर्व रेडक्रॉस अध्यक्ष स्व. महेंद्र गादिया को याद करते हुए उनकी सेवाओं को नमन किया। नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने रेडक्रॉस के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए यह क्रम निरंतर जारी रहने की कामना की।
मुख्य अतिथि हिम्मत कोठारी ने कहा कि रेडक्रॉस वर्षों से समाजसेवा का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। पूर्व संचालक मंडल ने अनेक उल्लेखनीय कार्य किए और वर्तमान संचालक मंडल भी नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा का भाव प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में होना चाहिए।
कार्यक्रम में सहयोगियों एवं नेत्रदान करने वालों का सम्मान भी किया गया। सम्मानित होने वालों में हार्दिक मेहता, अक्षय संघवी, राजेश माहेश्वरी एवं कुसुम मुणत शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन संचालक सुलोचना शर्मा द्वारा राष्ट्रगान एवं सचिन मानस पुरोहित द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत रेडक्रॉस के वाइस चेयरमैन सुशील मुणत, कोषाध्यक्ष संजय लूनिया तथा संचालक मंडल के अशोक जैन “लाला”, हेमंत मुणत, सुनील पारीख और दिनेश बरमेचा ने किया।
इस अवसर पर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, जूनियर रेडक्रॉस के सुभाष कुमावत, जय तलेरा, अनिल झालानी, बबीता श्रीवास्तव सहित रोटरी क्लब, लायंस क्लब, जैन सोशल ग्रुप, सेवा भारती, दोस्ती फाउंडेशन, सनातन सोशल ग्रुप, सिंधी समाज, माहेश्वरी समाज एवं सकल जैन श्रीसंघ के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में नवीन कार्यालय, एम्बुलेंस, हेल्पलाइन एवं उपकरणों का उद्घाटन अतिथियों, संचालक मंडल और दानदाताओं द्वारा भारतीय परंपरा के अनुसार कुमकुम-अक्षत लगाकर एवं फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर मनोहर जैन ने किया।
