रतलाम, 11 मई(खबरबाबा. कॉम)। शहर के वार्ड क्रमांक-9 की पार्षद निशा पवन सोमानी ने 80 फीट रोड स्थित एक निजी भूखंड पर लग रहे मेले को लेकर नगर निगम प्रशासन से अनुमति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संबंधी जानकारी मांगी है। इस संबंध में पार्षद ने नगर निगम आयुक्त को पत्र सौंपकर कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं।
पत्र में बताया गया है कि 80 फीट रोड पर बड़े स्तर पर झूले, चकरी और व्यावसायिक दुकानों के साथ मेले का आयोजन शुरू हो गया है। यह रोड निगम द्वारा विकसित की गई प्रमुख सड़क है, जहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं। ऐसे में मेले के आयोजन से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
पार्षद ने प्रशासन से पूछा है कि इतने बड़े आयोजन के लिए नगर निगम एवं जिला प्रशासन से विधिवत अनुमति ली गई है या नहीं। साथ ही आयोजन स्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए हैं और किसी दुर्घटना की स्थिति में बचाव के लिए क्या व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।
