रतलाम, 11 मई(खबरबाबा. कॉम)। पुलिस ने सैलाना के मंदिर में हुई चोरी की वारदात का 24 घंटे से कम समय में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया टिल्लू पंप और एम्पलीफायर सिस्टम भी बरामद कर लिया है। बरामद मश्रुका की कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर एसपी अमित कुमार के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना सैलाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की।
मंदिर का गेट तोड़कर घुसे थे बदमाश
थाना सैलाना में कालिका माता मंदिर के पुजारी नवनीत पिता राकेश शर्मा, निवासी विवेकानंद मार्ग सैलाना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 मई की रात अज्ञात बदमाश मंदिर का गेट तोड़कर अंदर घुसे। बदमाशों ने रेलिंग से वेल्डिंग किए गए दान पात्र और उसके ताले को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद आरोपी मंदिर परिसर के बरामदे में रखी शार्प प्लस कंपनी की विद्युत मोटर (टिल्लू पंप) और आहुजा कंपनी का एम्पलीफायर सिस्टम चोरी कर ले गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सैलाना में धारा 331(4), 305(ए) एवं 324(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पिपलोदा फंटा सैलाना-रतलाम बायपास क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी दिनेश पिता धन्नालाल (25) निवासी थाना सरवन और विजय पिता बसा (22) निवासी सैलाना को गिरफ्तार किया। एक विधि विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया टिल्लू पंप और एम्पलीफायर सिस्टम बरामद कर जप्त किया गया।