रतलाम, 9 जून(खबरबाबा. कॉम)। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने सोमवार को जावरा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाबू को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी सेवानिवृत्त शिक्षक का पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) और सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र जारी कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार, आवेदक लक्ष्मीनारायण लोट, निवासी विश्रामगृह के पीछे, जावरा एवं सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक ने लोकायुक्त उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ जारी कराने के लिए अनिल वर्मा सहायक ग्रेड-2 (बाबू), संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू, जावरा द्वारा 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में ट्रैप योजना बनाई गई। सोमवार को लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल वर्मा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त के अनुसार आरोपी ने रिश्वत की राशि अपने हाथ में लेकर टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी थी। टीम ने मौके से उक्त राशि बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत तथा आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम शामिल रहे।