इंदौर,9 जून(खबरबाबा. कॉम)। इंदौर- जोधपुर-इंदौर ट्रेन संख्या 14802/14801 को इंदौर से जैसलमेर तक चलाने की मांग इंदौर पुष्करणा ब्राह्मण समाज ने की है। समाजजनों ने इंदौर सांसद शंकर ललवानी से मुलाकात कर इस ट्रेन के विस्तार की मांग की है। सांसद ने समाजजनों को आश्वस्त किया और मांग को ध्यान में रख रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र भी लिखा है।
राजस्थान के फलोदी के पुष्करणा ब्राह्मण समाज के इंदौर में निवासरत संतोष बोहरा, विशाल बोहरा, जुगल किशोर बिस्सा, भोमराज भट्टर, गिरीश बोहरा आदि ने सांसद ललवानी को बताया कि इंदौर में निवासरत हजारों प्रवासी निवासी नागरिकों, जैन समाज के लोगों का आवागमन फलोदी, रामदेवरा, पोकरण, जैसलमेर होता है। लेकिन सीधी रेल सेवा के अभाव में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही हजारों असंगठित कामगारों को भी कठिनाई का सामना करना पडता है। अगर इस ट्रेन का इंदौर से जैसलमेर तक विस्तार होता है तो कई समाजजनों को इसका लाभ मिलेगा।
समाजजनों ने बताया कि इंदौर की ओद्योगिक व व्यवसायिक गतिविधियों को देखते हुए रतलाम मंडल के रेल सलाहकार सदस्यों के साथ व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल एवं इंदौर के यात्रियों द्वारा इंदौर से जयपुर के लिए प्रतिदिन रात्रिकालीन गाडी की मांग काफी वर्षों से की जा रही है।
उक्त मांग को पूर्ण करने के लिए 12465/12466 रणथम्बोर सुपर फास्ट गाडी का रात्रिकालीन व जैसलमेर तक विस्तार होने से इंदौर, उज्जैन, नागदा सवाई माधोपुर, कोटा, जयपुर, डेगाना, मकराना जैसे शहरों का सीधा जुड़ाव जैसलमेर से होने से इसका लाभ इंदौर से जयपुर के लिए व्यापारिक वर्ग को प्रतिदिन जयपुर के लिए रात्रिकालीन सुपर फास्ट रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही दार्शनिक रूप से उज्जैन सिटी का जुड़ाव सीधा जैसलमेर से होगा। रोजगार के अवसर खुलेगे व यात्रियों को लाभ होगा।
इसलिए विस्तार करना जरूरी
इस यात्री गाडी का विस्तार जैसलमेर तक होने से जैन समाज के नाकोडा जी के दर्शन हेतु आने जाने वाले हजारो यात्रियों को लाभ होगा। साथ ही रामदेवरा जाने वाले दर्शनार्थी समाजजन को लाभ होगा।इस यात्री गाडी का विस्तार जैसलमेर तक होने से व्यापारिक प्रतिनिधिगण व प्रवासी नागरिको के यात्रा समय में बचत होगी। पाली की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बूस्ट मिलेगा।
इस यात्री गाडी का विस्तार जैसलमेर तक होने से पर्यटन को बूस्ट मिलेगा। महू आर्मी क्षेत्र का जुड़ाव सीधा जैसलमेर से होना लाभदायक रहेगा। साथ ही जोधपुर से जैसलमेर तक रेल लाइन पहले से उपलब्ध है। जैसलमेर में ट्रेनों के रखरखाव हेतु सुविधा भी उपलब्ध होने से यह विस्तार सरल एवं व्यावहारिक है।