रतलाम,10जून(खबरबाबा. कॉम)। जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खेरिया पाड़ा में मंगलवार देर रात पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के बाहर सो रहे एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान आरोपितों ने घर में आगजनी भी की। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हत्या, आगजनी, मारपीट और बलवा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर चार आरोपितों को हिरासत में लिया है।
खाट पर सो रहे युवक पर किया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार ग्राम खेरिया पाड़ा निवासी 35 वर्षीय मानसिंह पिता ऊंकार मईडा मंगलवार रात करीब 11 बजे अपने घर के बाहर खाट पर सो रहा था। उसके पास एक छोटी बच्ची भी सो रही थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य थोड़ी दूरी पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के जयसिंह पिता कैलाश सहित 8 से 10 हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और विवाद करने लगे।
देखते ही देखते आरोपितों ने मानसिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। बचाव के लिए पहुंचे उसके पिता ऊंकार और माता मांगूबाई पर भी हमला किया गया, जिससे वे घायल हो गए।
तलवार और कुल्हाड़ी से वार
परिजनों के अनुसार पत्नी पायल और बच्चों के शोर मचाने के बावजूद आरोपित नहीं रुके। उन्होंने मानसिंह पर तलवार और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपितों ने घर में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान मानसिंह ने दम तोड़ दिया।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, मुख्य आरोपित हिरासत में
पुलिस के अनुसार परिजनों के बयान के आधार पर प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। एक आरोपी को राउंडअप कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गांव में पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में
हत्या और आगजनी की घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और फरार आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।