रतलाम,13जून(खबरबाबा. कॉम)। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला रतलाम द्वारा 14 जून (रविवार) को आयोजित विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिले के सभी सामाजिक संगठनों, रक्तदाता मित्रों एवं रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले नागरिकों से रक्तदान करने का आह्वान किया गया है।
रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष प्रीतेश गादिया ने कहा कि वर्तमान में रक्त की कमी की समस्या को देखते हुए अधिक से अधिक लोगों को अपने निकटतम ब्लड बैंक एवं रक्तदान शिविरों में पहुंचकर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है।
विभिन्न स्थानों पर होंगे रक्तदान शिविर
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक, रतलाम,मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक,मानव सेवा समिति, जावरा में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरशामिल हैं। सभी शिविरों में प्रातः 10 बजे से रक्तदान किया जा सकेगा।
समाजसेवा से जुड़ने का अवसर
रेडक्रॉस परिवार ने आमजन से अपील की है कि वे रक्तदान कर इस पुनीत सेवा कार्य में सहभागी बनें तथा रक्त की कमी की समस्या को दूर करने में सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन सुशील मुनत, कोषाध्यक्ष संजय लूनिया, सचिव मानस पुरोहित, प्रदेश वाइस चेयरमैन मनीष रावल, संचालक मंडल सदस्य हेमंत मुणत, शरद जोशी, सुलोचना शर्मा, सुनील पारीक, अशोक लाला, राजेश राका एवं दिनेश बरमेचा सहित रेडक्रॉस परिवार के सदस्यों ने भी सभी नागरिकों से रक्तदान कर इस दिवस को सफल बनाने की अपील की।