रतलाम, 8 जून (खबरबाबा.कॉम)। झाबुआ जिले के पिपलीपाड़ा गांव से घर छोड़कर निकले एक प्रेमी युगल ने रविवार को रतलाम जिले के धराड़-मुंदड़ी मार्ग पर कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव सड़क किनारे कच्ची जमीन पर पास-पास पड़े मिले। घटनास्थल से कीटनाशक की शीशी, पाउडर का पैकेट और नई रस्सी बरामद होने से आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने पहले से आत्महत्या की योजना बना रखी थी।
जानकारी के अनुसार पिपलीपाड़ा निवासी राहजिंग (20) और युवती शनिवार रात को घर से निकले थे। रविवार दोपहर करीब 2.15 बजे राहजिंग ने अपने जीजा मांगीलाल खराड़ी को फोन कर बताया कि उसने और युवती ने जहर खा लिया है और तुरंत मौके पर पहुंचने को कहा।
मांगीलाल जब घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक पुलिस वहां पहुंच चुकी थी। धराड़ से करीब पांच किलोमीटर आगे और रामनगर से एक किलोमीटर पहले सड़क किनारे दोनों के शव पड़े मिले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था और पास में उनकी बाइक खड़ी थी।
घटनास्थल से मिले अहम सुराग
पुलिस को युवती के बैग से कपड़े, पायजेब और कक्षा 12वीं का आईडी कार्ड मिला है। वहीं घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर आधी खाली कीटनाशक की शीशी बरामद हुई। शवों के पास से कीटनाशक पाउडर का पैकेट और एक नई रस्सी भी मिली है। इन वस्तुओं से संकेत मिलते हैं कि दोनों आत्महत्या के इरादे से ही वहां पहुंचे थे।
पांच महीने पहले हुई थी युवक की शादी
मृतक राहजिंग थांदला से कृषि विषय में बीएससी की पढ़ाई कर रहा था और उसका अंतिम वर्ष चल रहा था। साथ ही वह रतलाम में रहकर डीसीए का कोर्स भी कर रहा था। परिजनों के अनुसार उसकी शादी मात्र पांच माह पहले ही हुई थी। परिवार के सदस्य हाल ही में मजदूरी के लिए सूरत गए हुए थे।
सुसाइड नोट नहीं मिला
धराड़ चौकी प्रभारी दीपक डामोर ने बताया कि दोनों के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं टीआई अयूब खान के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों एक दिन पहले घर से निकले थे और उनके परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है।
डीएसपी किशोर पाटनवाला ने बताया कि शुरुआती जांच में कीटनाशक सेवन से मौत होना सामने आया है। झाबुआ पुलिस से भी दोनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।