रतलाम,5जून(खबरबाबा. कॉम)। श्री धर्मदास जैन श्री संघ के मार्गदर्शक, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी व कार्यसमिति सदस्यों की एक बैठक गुरुवार देर शाम श्री कृष्ण महिला कला केन्द्र चांदनी चौक पर श्री संघ के मार्गदर्शक ललित गांधी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का प्रारंभ नवकार महामंत्र की सामूहिक स्तुति से हुआ। श्री संघ के अध्यक्ष रजनीकांत झामर व पदाधिकारियों का कार्यकाल पूर्ण होने पर बैठक में अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों का चयन किया गया।
ललित गांधी ने श्री संघ के पूर्व महामंत्री का दायित्व संभाल चुके अजीत मेहता के नाम का प्रस्ताव रखा। जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने हर्ष हर्ष जय जय के साथ प्रस्ताव का समर्थन किया। श्री मेहता विगत लंबे समय से विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं । विगत 8 वर्षों में ,संघ में विभिन्न पदों पर रहते हुए अपनी सेवाएं प्रदान कर चुके हैं। सभा में श्री संघ के महामंत्री का भी चयन किया गया। इसमें सर्वानुमति से श्री धर्मदास जैन श्री संघ कस्तूरबा नगर मिल क्षेत्र स्थानक के अध्यक्ष राजीव चौरड़िया को महामंत्री पद की महत्वपूर्ण जवाबदारी सौंपी गई।
वहीं संघ के कार्यकारिणी सदस्यों के साथ संघ के 15 नए सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया जिनमें शांतिलाल भंडारी , हस्तीमल चौपड़ा , मणीलाल वोरा , श्रीपाल मांडोत , राजीव चौरड़िया,अनिल कोठारी, महेंद्र जैन,राजेश गादिया,जयंतीलाल मूणत,प्रमोद बांठिया,अनूप तलेरा,विनय लोढ़ा, वीरेन्द्र लोढ़ा ,राजेश सोनी , मिलिंद कोठारी शामिल है शेष पदाधिकारियों व कार्यकारिणी तथा अन्य समितियों का गठन शीघ्र किया जाएगा।
सफल कार्यकाल हेतु अध्यक्ष व महामंत्री का किया अभिनंदन
सफल कार्यकाल हेतु श्री संघ अध्यक्ष रजनीकांत झामर व महामंत्री विनय लोढ़ा का श्री संघ के मार्गदर्शक, पदाधिकारीगण आदि ने शॉल ओढ़ाकर माला पहनाकर अभिनंदन किया। आपके कार्यकाल में धर्मदास गणनायक प्रवर्तकश्री जिनेंद्रमुनिजी म. सा.आदि ठाणा व पुण्य पुंज साध्वी श्री पुण्यशीलाजी म.सा. आदि ठाणा का ऐतिहासिक वर्षावास हुआ। श्री रजनीकांत झामर ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सभी का आभार माना एवं संघ के सदस्यों की भावना के अनुरूप संघ में कार्य सेवा नहीं हुई हो तो उसके लिए सभी से क्षमा याचना भी की।
नव मनोनीत अध्यक्ष व महामंत्री का अभिनंदन किया
बैठक में नव मनोनीत अध्यक्ष अजीत मेहता एवं महामंत्री राजीव चौरड़िया का उपस्थित समस्त सदस्यों ने शॉल ओढ़ाकर माला पहनाकर अभिनंदन किया। नवागत अध्यक्ष अजीत मेहता ने अपने चयन के प्रति सभी का हृदय से आभार मानते हुए कहा कि संघ के प्रत्येक कार्य को सफलता की उंचाई तक पहुंचाने के लिए सभी का सहयोग महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने निवेदन करते हुए कहा कि संघ के सभी सदस्य के अतुल सहयोग से ही संघ के कार्य पूर्ण होते हैं। नवागत महामंत्री राजीव चौरड़िया ने भी अपने चयन के प्रति सभी का आभार माना।
श्री संघ के कोषाध्यक्ष वीर पिता अमृतलाल कोठारी ने वैयावच्च समिति बनाने का प्रस्ताव रखा। बैठक में कई सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। बैठक में अरविंद मेहता , माणकलाल कटकानी, हस्तीमल चौपड़ा, ज्ञानचंद लोढ़ा, संतोष गांधी, राजेंद्र चौपड़ा, श्रीपाल मांडोत, ललित कोठारी, जयंतीलाल मूणत, राजेश गादिया, अनूप तलेरा , मिलिंद कोठारी आदि कई सदस्य उपस्थित थे। संचालन राजीव जी चौरड़िया ने किया। आभार विनय लोढ़ा ने माना।