रतलाम,5जून(खबरबाबा. कॉम)। पंचेड़-नामली मार्ग स्थित एक वाटर पार्क में संचालित किए जा रहे एक स्पा सेंटर पर शुक्रवार शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके से तीन विदेशी युवतियां और उनके साथ अलग-अलग कमरों में मौजूद तीन युवक मिले। पुलिस सभी को पूछताछ के लिए नामली थाने ले गई है।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि वाटर पार्क में स्विमिंग पूल की आड़ में स्पा सेंटर संचालित कर संदिग्ध गतिविधियां चलाई जा रही हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार दोपहर विशेष टीम गठित की गई। टीम में सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, डीएसपी अनिशा जैन, महिला थाना प्रभारी रेखा चौधरी सहित अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया।
कार्रवाई पूरी तरह गोपनीय रखी गई। यहां तक कि संबंधित थाना क्षेत्र नामली पुलिस को भी पहले से जानकारी नहीं दी गई। अधिकारियों के मोबाइल फोन भी बंद करा दिए गए ताकि सूचना लीक न हो सके।
पहले की रेकी, फिर मारी रेड
शाम को पुलिस टीम वाटर पार्क पहुंची और स्विमिंग पूल क्षेत्र पर निगरानी शुरू की। कुछ पुलिसकर्मियों को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद पहले से तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में एसडीओपी किशोर पाटनवाला तथा महिला अधिकारियों की टीम ने स्पा सेंटर पर दबिश दे दी।
छह कमरों में संचालित हो रहा था स्पा
पुलिस जांच में सामने आया कि वाटर पार्क परिसर के भीतर पीछे की ओर बने छह कमरों में स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था। दबिश के दौरान तीन अलग-अलग कमरों में तीन विदेशी युवतियां और उनके साथ तीन युवक मौजूद मिले।पुलिस ने सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर नामली थाने भेज दिया है। वहीं वाटर पार्क के मैनेजर को भी पूछताछ के लिए थाने में बुलाया गया है।
पुलिस कर रही है विस्तृत जांच
एसपी अमित कुमार ने बताया कि इस संबंध में काफी समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई है। फिलहाल युवक-युवतियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।