रतलाम,25जुलाई(खबरबाबा. कॉम)। फोटोग्राफी की कला को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से ऑल इंडिया फोटोग्राफर एसोसिएशन, नई दिल्ली एवं रोटरी क्लब रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर स्वर्गीय रामचंद्र–मीनादेवी पोरवाल स्मृति फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
फेडरेशन अध्यक्ष राकेश पोरवाल, क्लब अध्यक्ष अमरपाल सिंह वाधवा तथा सचिव आशीष राठी ने बताया कि प्रतियोगिता छह वर्गों में आयोजित होगी। इसमें स्कूली छात्र, महाविद्यालय छात्र, पुरुष वर्ग,महिला वर्ग, प्रोफेशनल फोटोग्राफर तथा मोबाइल फोटोग्राफर भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागियों को अपने द्वारा खींचे गए फोटो 8×12 इंच आकार में प्रिंट करवाकर 10 अगस्त तक पोरवाल फोटोज, दो बत्ती, रतलाम पर जमा करवाने होंगे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता पूर्णतः नि:शुल्क है तथा इसमें केवल रतलाम जिले के निवासी ही भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में एडवोकेट कैलाश व्यास, आर्टिस्ट दीपाली मुंदड़ा एवं समाजसेवी सविता तिवारी अपनी सेवाएं देंगे।
आयोजकों ने जिले के फोटोग्राफी प्रेमियों, विद्यार्थियों और प्रोफेशनल फोटोग्राफरों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का आह्वान किया है।