रतलाम, 25 जुलाई(खबरबाबा. कॉम)।एसपी अमित कुमार के निर्देश पर माणकचौक पुलिस ने अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना माणकचौक क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से सट्टा संचालित कर रहे 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,675 नगद और सट्टा सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
एसपी अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी ग्रामीण विवेक कुमार, एएसपी शहर राकेश पंद्रो तथा सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में माणकचौक पुलिस की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने लंबे समय से सट्टे की अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों पर निगरानी रखते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में हीरालाल वर्मा, रोहित सिंह पंवार, आशीष सोनी, रतनलाल महाजन, रामलाल मईड़ा, कान्तु गामड़ और बाबूलाल भाबर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के विरुद्ध सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। यदि जांच में संगठित रूप से सट्टा संचालन की पुष्टि होती है तो धारा 112 बीएनएस बढ़ाने की कार्रवाई भी की जाएगी। सभी आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।