रतलाम, 17 जुलाई (खबरबाबा.कॉम)। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत लक्ष्मणपुरा में शराब के नशे में दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया। विवाद में गंभीर रूप से घायल हुए छोटे भाई की इंदौर में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में बड़े भाई द्वारा कपड़े धोने की मोगरी (लकड़ी का डंडा) से हमला करने की बात सामने आई है, हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि घायल गिरने से भी चोटिल हुआ था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
मोगरी से हमला करने का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणपुरा निवासी त्रिलोकचंद (40) और उसका छोटा भाई विमल (35) गुरुवार देर रात शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि बड़े भाई त्रिलोकचंद ने घर में रखी कपड़े धोने की मोगरी उठाकर विमल के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से विमल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
इंदौर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोस में रहने वाले मृतक के जीजा पवन और अन्य लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर घायल विमल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने इंदौर रेफर कर दिया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बीमार मां की सेवा करता था विमल
पड़ोसियों के अनुसार, घर में दोनों भाइयों के साथ उनकी बुजुर्ग मां जमुना बाई रहती हैं, जो लंबे समय से लकवा (पैरालिसिस) से पीड़ित हैं। दोनों भाई अविवाहित थे और ढोल बजाने तथा पुताई का काम कर अपना जीवनयापन करते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि विमल स्वभाव से शांत था और बीमार मां की देखभाल के साथ-साथ घर की अधिकांश जिम्मेदारियां वही निभाता था।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मोगरी जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान बड़े भाई द्वारा छोटे भाई पर हमला करने की बात सामने आई है, जिसके बाद घायल की मौत हो गई। हालांकि कुछ लोगों ने गिरने से चोट लगने की संभावना भी जताई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।