रतलाम, 31जुलाई(खबरबाबा. कॉम)। नगर निगम ने डोसीगांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (AHP) के तहत निर्मित ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में अवैध रूप से कब्जा कर रह रहे हितग्राहियों को अंतिम चेतावनी जारी की है। जिन हितग्राहियों ने केवल मार्जिन मनी जमा कर फ्लैट पर कब्जा कर रखा है, उन्हें तीन दिनों के भीतर 1.80 लाख रुपये की शेष आवंटन राशि अनिवार्य रूप से जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम के अनुसार निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने वाले हितग्राहियों से 4 अगस्त (मंगलवार)को फ्लैट का कब्जा खाली कराया जाएगा। साथ ही संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित हितग्राही की होगी।
नगर निगम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत डोसीगांव में शिवशंकर बस्ती (स्लम) के 396 पात्र हितग्राहियों को कलेक्टर की स्वीकृति के बाद ईडब्ल्यूएस फ्लैट आवंटित किए गए थे। इनमें से 188 हितग्राहियों ने अपना 2 लाख रुपये का अंशदान जमा कर दिया है, जबकि 208 हितग्राहियों ने केवल मार्जिन मनी जमा कर फ्लैटों पर कब्जा कर रखा है और अब तक शेष राशि जमा नहीं की है।नगर निगम ने ऐसे सभी हितग्राहियों से समयसीमा के भीतर राशि जमा कर कार्रवाई से बचने की अपील की है।