रतलाम, 28 जुलाई(खबरबाबा. कॉम)।कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत भी मौजूद रहे। जनसुनवाई में कुल 99 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया गया, जबकि शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में डीजल शेड निवासी भूमिका ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं हो पाने की समस्या बताई। छात्रा ने बताया कि पिता के निधन के बाद आधार कार्ड निष्क्रिय हो गया है और समग्र आईडी में सरनेम की त्रुटि के कारण आवेदन नहीं हो पा रहा है। इस पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत रतलाम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बिलपांक निवासी कलाबाई ने भूमि नामांतरण का मामला उठाते हुए बताया कि पूर्व में आवेदन देने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए तहसीलदार रतलाम ग्रामीण को निर्देशित किया।
वहीं, ग्राम पलास निवासी मीराबाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग की। इस आवेदन पर भी कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।