रतलाम, 15 जुलाई (खबरबाबा.कॉम)। रतलाम विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने अपनी आवासीय योजनाओं में भूखंड लेकर वर्षों से उन्हें खाली छोड़ने वाले भूखंड धारकों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। प्राधिकरण ने तीन प्रमुख योजनाओं के करीब 250 भूखंड धारकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि अगले छह माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर भूखंड निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है।
जानकारी के अनुसार आरडीए की वर्ष 2011 और उसके बाद शुरू हुई योजनाओं में बड़ी संख्या में ऐसे भूखंड धारक हैं, जिन्होंने लीज पट्टा संपादित होने के कई वर्ष बाद भी अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। इसके चलते कई कॉलोनियों में खाली प्लॉटों पर जंगली घास उग आई है और कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे कॉलोनियों की सुंदरता और विकास दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष प्रवीण सोनी, गोविन्द काकाणी सहित संचालक मंडल ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की है। फिलहाल उन भूखंड धारकों को चिन्हित किया गया है, जिनकी लीज संपादित हुए चार वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन उन्होंने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है।
10 साल बाद भी खाली पड़े हैं कई प्लॉट
आरडीए के अनुसार माही विहार और योगी विहार जैसी पुरानी योजनाओं में कई ऐसे भूखंड हैं, जिनकी लीज संपादित हुए करीब 10 वर्ष होने वाले हैं, लेकिन आज तक निर्माण नहीं हुआ। प्राधिकरण के नियमों के मुताबिक भूखंड आवंटन के बाद अधिकतम 10 वर्ष के भीतर निर्माण कार्य पूरा करना आवश्यक है। ऐसा नहीं होने पर भूखंड निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
इन योजनाओं में जारी हो रहे नोटिस
1.माही विहार योजना (2011):कुल 67 भूखंडों में से 35 भूखंड धारकों को नोटिस।
2.योगी विहार योजना (2012): कुल 68 भूखंडों में से 24 भूखंड धारकों को नोटिस।
3.परशुराम विहार कॉलोनी (सैलाना रोड): करीब 200 भूखंड धारकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया जारी।
सभी नोटिसधारकों को छह माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। समय-सीमा पूरी होने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी कॉलोनियों का होगा सौंदर्यीकरण
आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने बताया कि जिन भूखंड धारकों को चार वर्ष से अधिक समय हो गया है और उन्होंने निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है, उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी को छह माह का समय दिया गया है। साथ ही आरडीए की पुरानी योजनाओं में बाउंड्री वॉल, डिवाइडर निर्माण और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी शीघ्र शुरू किए जाएंगे, ताकि कॉलोनियों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।