रतलाम, 23 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा शहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 28.46 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है।
एसपी अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एएसपी विवेक कुमार लाल, नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराजसिंह चौहान एवं थाना प्रभारी जावरा शहर निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलोई के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक राकेश मेहरा एवं उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
रेलवे स्टेशन के पीछे से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित शुगर मिल ग्राउंड, अकेला हनुमानजी रोड जावरा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यहां से मुख्य आरोपी सादाब खान उर्फ मॉडल को अवैध एमडी ड्रग्स एवं बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।
मामले में जावरा शहर थाने पर धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जावरा और मंदसौर के आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी जावरा निवासी सादाब खान उर्फ मॉडल के अलावा मंदसौर जिले के साबिर हुसैन उर्फ चाचा, शरीफ खान, खालिद मंसूरी और सोएब हुसैन को भी गिरफ्तार किया है।
3.60 लाख रुपए का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28.46 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए है।इस तरह पुलिस ने मामले में कुल 3 लाख 60 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलोई, उप निरीक्षक राकेश मेहरा, सउनि सगीर खान, प्रआर जाकिर खान, मृदंग सातपुते, जगदीश चन्द्र दमामी, दिनेश भार्गो, ललित जगावत सहित थाना जावरा शहर पुलिस टीम एवं साइबर सेल रतलाम की सराहनीय भूमिका रही।