रतलाम, 1 अगस्त(खबरबाबा. कॉम)। जिले में मानसून अब लगातार सक्रिय बना हुआ है। शुक्रवार शनिवार रात भी रिमझिम बारिश होती रही। शनिवार सुबह तक रतलाम शहर में 1 इंच से अधिक बारिश पिछले 24 घंटे के अंदर दर्ज की गई।
शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 0.46 इंच (11.75 मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि रतलाम शहर में 1.22 इंच (31 मिमी) वर्षा हुई। सबसे अधिक बारिश रतलाम तहसील में दर्ज की गई। वहीं सैलाना में 0.55 इंच (14 मिमी), बाजना में 0.51 इंच (13 मिमी), जावरा में 0.39 इंच (10 मिमी), रावटी में 0.31 इंच (8 मिमी), ताल में 0.28 इंच (7 मिमी), आलोट में 0.24 इंच (6 मिमी) तथा पिपलौदा में 0.20 इंच (5 मिमी) बारिश रिकॉर्ड की गई।
एक जून से अब तक जिले में औसतन 13.65 इंच (346.75 मिमी) बारिश हो चुकी है। यह पिछले वर्ष इसी अवधि में हुई 22.22 इंच (564.38 मिमी) बारिश की तुलना में करीब 8.57 इंच (217.63 मिमी) कम है। जिले की सामान्य औसत वर्षा 36.15 इंच (918.3 मिमी) मानी जाती है, जिसके मुकाबले अब तक लगभग 37.8 प्रतिशत वर्षा ही दर्ज हो सकी है।
तहसीलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो इस मानसून में अब तक रतलाम सबसे आगे है, जहां 19.41 इंच (493 मिमी) बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद पिपलौदा में 15.28 इंच (388 मिमी), आलोट में 14.96 इंच (380 मिमी), जावरा में 14.88 इंच (378 मिमी), सैलाना में 13.19 इंच (335 मिमी), रावटी में 11.85 इंच (301 मिमी),ताल में 10.75 इंच (273 मिमी) तथा बाजना में सबसे कम 8.90 इंच (226 मिमी) वर्षा दर्ज की गई है।
पिछले वर्ष की तुलना करें तो लगभग सभी तहसीलों में बारिश का आंकड़ा काफी पीछे चल रहा है। सबसे बड़ा अंतर सैलाना में देखने को मिला, जहां पिछले वर्ष इस तारीख तक 35.28 इंच (896 मिमी) वर्षा हो चुकी थी, जबकि इस बार केवल 13.19 इंच (335 मिमी) ही दर्ज हुई है। इसी तरह रावटी में पिछले वर्ष 25.83 इंच (656 मिमी) के मुकाबले इस बार 11.85 इंच (301 मिमी), पिपलौदा में 25.43 इंच (646 मिमी) के मुकाबले 15.28 इंच (388 मिमी) तथा रतलाम में 22.28 इंच (566 मिमी) के मुकाबले 19.41 इंच (493 मिमी) वर्षा हुई है।
हालांकि पिछले दो-तीन दिनों से बारिश की गतिविधियां तेज होने से जिले में वर्षा की कमी धीरे-धीरे कम होने लगी है।
