रतलाम, 13 अगस्त(खबरबाबा. कॉम)। बड़नगर से रतलाम आ रहे एक सर्राफा व्यापारी के साथ बस में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यापारी होलसेल में आभूषणो का कारोबार करता है। उसके बैग में बड़ी मात्रा में आभूषण होने की बात सामने आ रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पांच संदिग्ध बदमाशों ने बस रुकवाकर लूट की इस वारदात को अंजाम दिया है। वारदात की सूचना मिलने पर SP अमित कुमार के साथ Asp सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटना स्थल पहुंच गए है। बदमाश बस में ही सवारी के रूप में सवार थे। अधिकृत और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।पुलिस ने सक्रियता से लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक रूप से मिल रही जानकारी के अनुसार रतलाम की जैन कॉलोनी निवासी सर्राफा व्यवसायी अर्पित चौरड़िया बड़नगर से बस में सवार होकर रतलाम आ रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पांच संदिग्ध व्यक्ति भी बस में सवार हुए। इनमें से एक व्यक्ति बस चालक के पास जाकर बैठ गया, जबकि अन्य संदिग्ध अलग-अलग स्थान पर बैठ गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रात करीब 9 से 9.30 बजे के बीच रैन मऊ फंटे पर चालक के पास बैठे व्यक्ति ने बस रुकवाई। बस रुकते ही अन्य आरोपियों ने व्यापारी के पास रखा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। व्यापारी अर्पित चौरड़िया सोने के होलसेल कारोबारी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ ही संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। बस के रूट, यात्रियों और संभावित सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल लूटे गए सोने की वास्तविक मात्रा और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की विस्तृत पुष्टि का इंतजार है। 4 से 5 किलो सोना लूटे जाने की जानकारी फिलहाल प्रारंभिक है। जिसकी कीमत 7: 50 करोड रुपए होती है। घटना स्थल बिलपांक थाना अंतर्गत सातरुंडा ( रैन मऊ फंटा)का बताया जा रहा है।
जानकारी मिलते ही एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार, एसडीओपी किशोर पाटनवाला,थाना प्रभारी अयूब खान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बदमाशों की सर्चिंग शुरू कर दी। फिलहाल अधिकृत और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।