रतलाम, 11 सितंबर (खबरबाबा.कॉम)। रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-7 के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का शव फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। युवक ने नो पार्किंग क्षेत्र में चौकीदार के बैठने के लिए बने गुमटी नुमा पतरे के शेड में लोहे के एंगल से गमछे के सहारे फांसी लगाई थी।
मृतक की जेब से आधार कार्ड और ट्रेन का टिकट मिलने के बाद उसकी पहचान हरियाणा निवासी सन्नी के रूप में हुई है। जीआरपी ने परिजनों को सूचना दे दी है। उनके रतलाम पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह करीब 6.30 बजे जीआरपी चौकी को रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर-7 के समीप वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (आईओडब्ल्यू) कार्यालय के पास बने पतरे के शेड में युवक का शव फंदे पर लटका होने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार, जांच के दौरान युवक का शव शेड में लगे लोहे के एंगल से गमछे के सहारे लटका मिला।मौके पर एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने भी पहुंचकर आवश्यक जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उसकी जेब से पर्स मिला। पर्स में आधार कार्ड और ट्रेन का टिकट रखा हुआ था। आधार कार्ड पर युवक का नाम सन्नी दर्ज था और पते में रोहतक, हरियाणा का पता अंकित था।आधार कार्ड के आधार पर जीआरपी ने युवक के परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद उसकी पहचान हो सकी।
बांद्रा से कोटा का था टिकट
मृतक के पास से 10 सितंबर का बांद्रा टर्मिनस से राजस्थान के कोटा तक का ट्रेन टिकट भी मिला है। टिकट के आधार पर पुलिस को आशंका है कि युवक बांद्रा से ट्रेन में सवार होकर रतलाम पहुंचा होगा।
हालांकि वह रतलाम कब और किस ट्रेन से पहुंचा तथा स्टेशन पर उतरने के बाद क्या हुआ, इसकी जांच जीआरपी कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।