रतलाम, 17 सितंबर (खबरबाबा.कॉम)। महू-नीमच हाईवे पर तिरपाल काटकर ट्रकों से कृषि उपज चोरी करने वाले गिरोह का नामली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 14 कट्टे लहसुन और 13 कट्टे सरसों, चार बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 30 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब तथा एक देशी पिस्टलनुमा कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जब्त मश्रुका की कुल कीमत करीब 8.59 लाख रुपए बताई गई है।
बुधवार को एएसपी राकेश पंद्रो ने पूरे मामले की जानकारी दी।पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों से हाईवे की रेकी करते थे। तिरपाल से ढके उन ट्रकों को निशाना बनाया जाता था, जो स्पीड ब्रेकर या घाटी में धीमे होते थे। ट्रक की रफ्तार कम होते ही मोटरसाइकिल पर बीच में बैठा आरोपी रस्सी के सहारे ट्रक के ऊपर चढ़ जाता और तिरपाल काटकर उसमें भरी कृषि उपज सड़क किनारे नीचे गिरा देता। पीछे चल रहे साथी मोटरसाइकिल से कृषि उपज समेटकर ले जाते थे।पुलिस ने बताया कि चोरी की उपज को हाईवे से करीब 500 मीटर दूर खेत में बने मकान में छिपाकर रखा जाता था और जरूरत के अनुसार वहां से निकाला जाता था।
ऐसे खुला गिरोह का राज
हाईवे पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देश पर एएसपी राकेश पान्द्रो, प्रभारी एसडीओपी अजय सारवान के मार्गदर्शन और नामली थाना प्रभारी अमित कोरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।
16 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध धर्मेंद्र बापू के खेत पर बने मकान के पीछे मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से अमन कंजर, राहुल कंजर और निखिल कंजर को पकड़ा। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ आरोपी फरार हो गए।
तलाशी में बिना नंबर की मोटरसाइकिलें, करीब 30 लीटर कच्ची शराब तथा अमन सिसोदिया के पास से 32 बोर का पिस्टलनुमा देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस मामले में नामली थाने में आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पूछताछ में दो ट्रक चोरी का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करीब 20-25 दिन पहले एक ट्रक से तिरपाल काटकर 14 कट्टे लहसुन तथा करीब चार दिन पहले दूसरे ट्रक से 13 कट्टे सरसों चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर दोनों मामलों की कृषि उपज बरामद कर ली गई।पुलिस अब आरोपियों से हाईवे पर हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश भी जारी है।
ये आरोपी गिरफ्तार
1. अमन सिसोदिया, 22 वर्ष, उखेड़िया
2. राहुल हाड़ा, 30 वर्ष, उखेड़िया
3. निखिल हाड़ा, 23 वर्ष, उखेड़िया
4. सोनू सिसोदिया, 22 वर्ष, मेवासा
पुलिस के अनुसार गिरोह से जुड़े सात आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
जब्त सामान में 14 कट्टे लहसुन की कीमत करीब 1.05 लाख, 13 कट्टे सरसों की कीमत करीब 4.30 लाख, चार मोटरसाइकिलों की कीमत करीब 2.80 लाख, कट्टा-कारतूस की कीमत करीब 40 हजार तथा शराब की कीमत करीब 4 हजार रुपए बताई गई है। कुल जब्ती करीब 8.59 लाख रुपए की है।