रतलाम, 06 सितंबर(खबरबाबा. कॉम)। जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरजिला चोरी गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने रतलाम सहित अन्य जिलों में चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस को गिरोह से जुड़े 20 से 25 अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में, एएसपी शहर राकेश कुमार पन्द्रो एवं सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर विशेष टीम गठित की थी। टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और पूर्व में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
अलीराजपुर के चोरों पर पुलिस को हुआ शक
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में थाना बोरी, जिला अलीराजपुर क्षेत्र के चोरों की संलिप्तता हो सकती है। पुलिस ने सूचना को विकसित करते हुए मुखबिर तंत्र और तकनीकी जानकारी के आधार पर संदेही मुन्ना गणावा, उम्र 31 वर्ष, निवासी अलीराजपुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में मुन्ना ने अपने साथियों के साथ थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम सहित अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी ने अपने साथी प्यारसिंह निवासी धार का नाम बताया। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक और संदिग्ध को भी गिरफ्तार किया।
20-25 लोगों की टीमें बनाकर अलग-अलग जिलों में चोरी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि थाना बोरी, जिला अलीराजपुर और थाना टांडा, जिला धार क्षेत्र के करीब 20-25 लोग अलग-अलग टीमें बनाकर विभिन्न जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।
कॉलोनियों में घूमकर करते थे मकानों की रेकी
जांच में गिरोह के चोरी करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी पहले कॉलोनियों में घूमकर सूने और ताले लगे मकानों की रेकी करते थे। ऐसे मकानों के फोटो खींचकर गिरोह के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजे जाते थे। इसके बाद गिरोह के सदस्य इन मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
रिमांड में खुलेगा चोरी की वारदातों का पूरा नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि विस्तृत पूछताछ में रतलाम सहित अन्य जिलों में की गई चोरी की वारदातों, गिरोह के सदस्यों, चोरी किए गए मशरूका और पूरे नेटवर्क के संबंध में अहम जानकारी सामने आएगी।
मुन्ना का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुन्ना गणावा के विरुद्ध थाना बोरी, जिला अलीराजपुर में पूर्व से मारपीट एवं महिला संबंधी अपराध के दो प्रकरण तथा चोरी का एक अपराध दर्ज होना पाया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
रतलाम पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और अन्य उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से गिरोह से जुड़े संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य वारदातों और चोरी गए मशरूका की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी डीएसपी गायत्री सोनी, उनि. ध्यानसिंह सोलंकी, प्र.आर. अनिल सोलंकी, प्र.आर. दिलीप रावत (थाना नामली), आर. रवि चंदेल एवं आर. गोविन्द गेहलोत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।