रतलाम, 7 सितम्बर (खबरबाबा.कॉम)। शहर के नागरवास निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर मनोज गादिया ने जहर खाने से पहले अपने परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दी और अपना ठिकाना भी बताया। उन्होंने परिजनों से कहा कि उन्होंने जहर पी लिया है और वे सैलाना क्षेत्र में अपने ढाबे पर हैं। सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने ढाबों पर तलाश शुरू की और आखिरकार मनोज गादिया को हरियाली ढाबे पर खोज निकाला। हालांकि तब तक वे सल्फास घोलकर पी चुके थे। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार नागरवास रतलाम निवासी प्रॉपर्टी व्यवसायी मनोज (50) पिता समीरमल गादिया शनिवार देर रात रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग स्थित सैलाना क्षेत्र के हरियाली ढाबे पर पहुंचे थे। बताया जाता है कि वहां उन्होंने पानी की एक बोतल ली और उसमें सल्फास का पाउडर घोलकर पी लिया।
इससे पहले मनोज गादिया ने स्वयं अपने घर पर फोन कर परिजनों को जहर खाने की बात बताई और कहा कि वे सैलाना के ढाबे पर हैं। अचानक मिली इस सूचना से परिवार में घबराहट फैल गई। परिजनों ने तत्काल सैलाना थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने ढाबों पर शुरू की तलाश
सूचना मिलते ही आरक्षक तूफान भूरिया टीम के साथ सक्रिय हुए और सैलाना क्षेत्र के आसपास स्थित ढाबों पर मनोज गादिया की तलाश शुरू की। आखिरकार शनिवार रात करीब 11 बजे वे हरियाली ढाबे पर मिले।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही ढाबे वालों की सूचना पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी थी। मनोज गादिया को तत्काल डायल-112 वाहन से सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब 5 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
मनोज गादिया के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और परिवार को भी यह जानकारी नहीं है कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया।
सैलाना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
एक महीने से भी कम समय में दूसरे कारोबारी की मौत
इससे पहले 11 अगस्त की रात शहर के सराफा व्यापारी और चांदनी चौक स्थित महावीर ज्वैलर्स के संचालक रवि मोठिया ने भी शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर एक होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली थी। अब प्रॉपर्टी व्यवसायी मनोज गादिया की मौत ने एक बार फिर शहर में चर्चा का विषय बना दिया है।