रतलाम, 3 सितंबर (खबरबाबा.कॉम)। शहर में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों के बीच स्टेशन रोड थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की हैं। आरोपियों ने पूछताछ में रतलाम शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से चार वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। इसके अलावा एक वाहन औद्योगिक क्षेत्र रतलाम और एक वाहन राजस्थान के झालावाड़ से चोरी करना बताया है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी की शिकायतें दर्ज हुई थीं। इन मामलों में स्टेशन रोड थाने पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और राकेश पेंन्द्रो के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
दौराने जांच पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राजेश मेहर (23), निवासी तेलियाखेड़ी बनोरे, थाना रायपुर, जिला झालावाड़, राजस्थान, हाल ग्राम बाजनखेड़ा, रतलाम तथा सुरज कैथवास (32), निवासी रेल नगर, रतलाम को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों से चार मोटरसाइकिल/स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के छह दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
चार मामलों का खुलासा, दो अन्य चोरी की जानकारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के चार मामलों में चोरी हुए वाहन बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने एक मोटरसाइकिल औद्योगिक क्षेत्र थाना रतलाम और एक मोटरसाइकिल झालावाड़, राजस्थान से चोरी करना भी बताया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। अब उनसे अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ये वाहन हुए बरामद
बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक MP43EK0487
एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP44ZC8831
एक्टिवा स्कूटी क्रमांक MP43ZA3747
हीरो प्लेजर स्कूटी क्रमांक MP11MZ8531
अन्य दो चोरी की मोटरसाइकिल
कुल बरामदगी : 6 दोपहिया वाहन
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में उनि विजय बामनिया, सउनि दिनेश भदौरिया, प्रआर जितेन्द्र बघेल सहित आरक्षक रितेश यादव, धीरेन्द्र गोखले, हरिकिशन, गोपाल आंजना, वीरेन्द्र सोनी, लोकेन्द्र सोनी, विजय वसुनिया, दीपक वसुनिया, कमलेश पाण्डे, मकन परमार, रितेश राठौड़, राजेश सिंगाड़ और जितेन्द्र चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।