रतलाम, 3 सितम्बर (खबरबाबा.कॉम)। जिले के सैलाना थाना क्षेत्र के ग्राम भेरुघाटा में बुधवार रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों एक ही मोटरसाइकिल से ग्राम दौलतपुरा से अपने गांव जयसनगर (अडवानिया) लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई।
जानकारी के अनुसार 2 सितम्बर की रात करीब 10 बजे तीनों युवक मोटरसाइकिल से दौलतपुरा से जयसनगर की ओर जा रहे थे। ग्राम भेरुघाटा में लक्ष्मण भगत के घर के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। दुर्घटना में बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे में रमेश पिता वरसिंह भाभर (19), निवासी जयसनगर (अडवानिया) तथा गोपाल पिता गोवर्धन चरपोटा (14), निवासी जयसनगर (अडवानिया) की दुखद मृत्यु हो गई। वहीं करण पिता मनसुख मईडा (16) घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।
सोशल मीडिया पर हमले की खबर, पुलिस ने किया स्पष्ट
घटना के बाद सोशल मीडिया एवं कुछ माध्यमों पर ग्राम भेरुघाटा में तीन युवकों पर अज्ञात लोगों द्वारा हमला किए जाने और मारपीट में दो युवकों की मौत होने संबंधी खबरें प्रसारित हुईं। इसके बाद रतलाम पुलिस ने मामले में स्पष्टीकरण जारी किया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामला किसी भी प्रकार के हमले या मारपीट का नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना का है। पुलिस के मुताबिक तेज गति एवं लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने से यह हादसा हुआ।
पुलिस ने बताया कि भेरुघाटा की घटना के संबंध में सभी तथ्यों की जांच जारी है।जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य भी स्पष्ट होंगे।