रतलाम, 17 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। करमदी स्थित नमकीन क्लस्टर में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान पैकेजिंग से लेकर खाद्य सामग्री तैयार करने तक कई खामियां सामने आई हैं। कहीं नमकीन के पैकेट पर निर्माण और एक्सपायरी की तारीख गायब मिली, तो कहीं साफ-सफाई की कमी के बीच पॉम ऑयल में आलू चिप्स और अन्य फरियाली सामग्री तली जा रही थी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो फर्मों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
पैकेट पर न निर्माण की तारीख, न एक्सपायरी डेट
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले लविश फूड्स का निरीक्षण किया। यहां ‘जादूगर के नमकीन’ और ‘टू मच फ्रायम्स’ नाम से पैक उत्पाद मिले। इन पैकेटों पर न तो निर्माण की तारीख दर्ज थी और न ही एक्सपायरी डेट। इसके अलावा निर्माता का नाम-पता और खाद्य उत्पाद से संबंधित अन्य जरूरी जानकारियां भी गायब थीं। लेबल पर केवल ‘गुजरात इंडिया’ लिखा हुआ था।
पैकेट पर आवश्यक विवरण नहीं होने के कारण टीम ने संबंधित उत्पादों के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए भेजा। मामले में पैकेजिंग और लेबलिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन की आशंका सामने आई है।
गंदगी के बीच तैयार हो रही थी खाद्य सामग्री
इसके बाद टीम बालाजी फूड्स प्रोडक्ट्स पहुंची। यहां निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की कमी के बीच नमकीन तैयार किए जाने की स्थिति सामने आई। फर्म में पॉम ऑयल में आलू चिप्स और अन्य फरियाली खाद्य सामग्री तली जा रही थी। टीम को पॉम ऑयल के रखरखाव को लेकर भी आपत्ति मिली।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने यहां से तेल, साबूदाना, नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। फर्म को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेष गुप्ता ने बताया कि लविश फूड्स में दूसरे ब्रांड के नाम से पैकिंग की जा रही थी और खाद्य पैकेटों पर आवश्यक विवरण दर्ज नहीं थे। वहीं, बालाजी फूड्स प्रोडक्ट्स में पॉम ऑयल असुरक्षित तरीके से रखा मिला। दोनों फर्मों से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। संबंधित फर्म को नोटिस दिया जाएगा।अब खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट और विभाग की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।