रतलाम 30 अक्टूबर(खबरबाबा. कॉम)। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं महापौर प्रहलाद पटेल ने ग्राम जुलवानिया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड एवं श्वानों के नसबंदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई में कचरे के पृथक्करण एवं प्रसंस्करण की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा ट्रॉमल मशीन का अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने बताया कि नगर निगम द्वारा पिछले दो वर्षों में विगत 30 वर्षों से एकत्रित कचरे का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा समाप्त किया जा चुका है। पूर्व में यह कचरा पहाड़ के रूप में दिखाई देता था। शेष 10 प्रतिशत कचरे का भी आगामी एक वर्ष में निष्पादन कर ट्रेंचिंग ग्राउंड को कचरा मुक्त बनाया जाएगा। यहां स्थापित होने वाला प्लांट दीपावली तक शुरू होने की संभावना है। इसके प्रारंभ होने से प्रतिदिन एकत्रित होने वाले कचरे का उसी दिन प्रसंस्करण एवं निष्पादन किया जा सकेगा। इससे कचरे का अनावश्यक भंडारण नहीं होगा।
इसके पश्चात कलेक्टर एवं महापौर ने परिसर में संचालित श्वान नसबंदी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां प्रतिदिन लगभग 15 श्वानों की नसबंदी की जाती है। पिछले वर्ष 2800 श्वानों की नसबंदी की गई थी, जबकि इस वर्ष अब तक 887 श्वानों की नसबंदी की जा चुकी है। केंद्र में नर एवं मादा दोनों श्वानों की नसबंदी की जाती है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नसबंदी ऑपरेशन के बाद श्वानों को पूर्ण रूप से स्वस्थ होने पर ही छोड़ा जाए। यदि कोई श्वान अधिक आक्रामक अथवा अस्वस्थ हो तो उसे आवश्यकतानुसार दो से चार दिन अतिरिक्त रखा जाए, ताकि पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही उसे छोड़ा जा सके।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि धामनोद के समीप लगभग दो बीघा भूमि पर डॉग शेल्टर तैयार किया जा रहा है, जहां करीब 300 श्वानों को रखने की क्षमता होगी। नसबंदी केंद्र में श्वानों के साथ उनके बच्चों को भी रखा जाता है। केंद्र में लाए जाने वाले श्वानों को रेबीज का टीका भी लगाया जाता है।