रतलाम, 5 अक्टूबर (खबरबाबा. कॉम)। सैलाना में भिक्षा मांगने के बहाने घर पहुंचकर अकेली महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करने और उसके गले से चांदी की चेन लूटने का मामला सामने आया है। सैलाना से करीब 4 किलोमीटर दूर ग्राम कोटड़ा में रविवार दोपहर हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। इनमें एक युवक बालिग और दूसरा नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला से लूटी गई चांदी की चेन भी बरामद कर ली है।
घटना रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है। ग्राम कोटड़ा निवासी बापूड़ी (25) पति राहुल डिंडोर उस समय घर पर अकेली थी। इसी दौरान बाइक से फेरी करने वाले दो युवक उसके घर पहुंचे। दोनों ने भिक्षा मांगने की आवाज लगाई। महिला बाहर आई तो आरोपियों ने भिक्षा में गेहूं देने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने महिला को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गई।
महिला के बेहोश होते ही दोनों आरोपी उसके गले में पहनी चांदी की चेन खींचकर बाइक से मौके से फरार हो गए। कुछ समय बाद महिला को होश आया तो उसने पास रहने वाले परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
कैमरों ने खोला राज, मोबाइल दुकान से पकड़े गए
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू की। फुटेज में बाइक से जाते दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने उनके हुलिए और फुटेज के आधार पर तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को दोनों के दिलीप मार्ग स्थित एक मोबाइल दुकान पर होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने वहां दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया और थाने ले आई।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में एक का नाम पहलवानसिंह और एक नाबालिग शामिल है। दोनों झाबुआ जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला से लूटी गई चांदी की चेन बरामद कर ली है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इस तरह की कोई अन्य वारदात तो नहीं की है।