रतलाम, 13 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। जिले के आलोट में राजस्व विभाग एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को दूधिया फंटा स्थित महाकालेश्वर मिल्क चिलिंग सेंटर पर छापामार कार्रवाई की। टीम को सेंटर पर मुंबई भेजने के लिए संग्रहित बड़ी मात्रा में दूध मिला। जांच के दौरान दो साइलो में रखे कुल 38 हजार लीटर टोंड और सपरेटा दूध के नमूने लिए गए। इसके अलावा प्लांट में रखा 83 पैकेट स्किम्ड मिल्क पाउडर भी जांच के दायरे में आया। प्रशासन ने 6 लाख 57 हजार रुपए मूल्य का पाउडर जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक साइलो में 25 हजार लीटर टोंड दूध और दूसरे साइलो में 13 हजार लीटर सपरेटा दूध संग्रहित मिला। यह दूध मुंबई भेजने के लिए रखा गया था। संयुक्त टीम ने दोनों साइलो से दूध के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की।
दूध में एसएनएफ बढ़ाने के लिए उपयोग होता था पाउडर
जांच के दौरान प्लांट में बी.जी. चितले डेयरी, सांगली (महाराष्ट्र) के नाम से स्किम्ड मिल्क पाउडर के 25-25 किलोग्राम के 83 पैकेट रखे मिले। इस संबंध में प्लांट मैनेजर से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दूध में एसएनएफ (सॉलिड नॉट फैट) की मात्रा बढ़ाने के लिए इस पाउडर का उपयोग किया जाता है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने स्किम्ड मिल्क पाउडर का भी नमूना लिया। साथ ही आगामी कार्रवाई तक 6 लाख 57 हजार रुपए मूल्य का पूरा पाउडर जब्त कर प्लांट मैनेजर मनोहर धनगर की सुपुर्दगी में रखवाया गया।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा एवं ज्योति बघेल ने नमूने लेने की कार्रवाई की। राजस्व विभाग एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद अब दूध और स्किम्ड मिल्क पाउडर की जांच रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।