रतलाम, 11 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को पहचानने, उनके व्यक्तित्व को निखारने और आत्मविश्वास को नई उड़ान देने का सबसे सशक्त माध्यम मंच होता है। मंच ही वह स्थान है, जहां बच्चों की छिपी प्रतिभाएं सामने आती हैं और उनके सुनहरे भविष्य की नींव मजबूत होती है। कुछ ऐसा ही भव्य और यादगार मंच साईं श्री इंटरनेशनल एकेडमी के वार्षिकोत्सव ‘अस्तित्व’ में देखने को मिला। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने पालकों, दर्शकों और नगर के गणमान्य नागरिकों को आश्चर्यचकित कर दिया।
डीआरएम अश्वनी कुमार, डॉ. अर्चना शर्मा और जिला भाजपा अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह का शुभारंभ भारतीय परंपराओं के अनुरूप हुआ। शंखनाद के साथ अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। ढोल-ताशों की गूंज पर लेजियम नृत्य के साथ अतिथियों का भव्य अभिनंदन हुआ। इसके पश्चात स्वस्ति वाचन के पावन स्वर और दीप प्रज्ज्वलन के साथ वार्षिकोत्सव ‘अस्तित्व’ का शुभारंभ हुआ।
अतिथियों का स्वागत संस्था के डायरेक्टर राकेश देसाई, विनीता देसाई, संस्था प्राचार्य एवं डिस्ट्रिक्ट सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. श्वेता विंचुरकर तथा अध्यक्ष मनोज मित्तल ने किया।
समिति अध्यक्ष मनोज मित्तल, सचिव राजेश भार्गव, कोषाध्यक्ष श्याम विंचुरकर एवं धरेश देसाई का स्वागत नीतू भट्ट, सुलोचना तंवर, तनुप्रिया पाठक, पीनल देसाई और नेहूल देसाई ने किया।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों से बांधा समां
वार्षिकोत्सव ‘अस्तित्व’ की विशेषता यह रही कि कार्यक्रम की स्क्रिप्ट, संवाद, वेशभूषा, म्यूजिक इफेक्ट और ग्राफिक्स सहित सभी तैयारियां प्राचार्य के मार्गदर्शन में संस्था के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्वयं की थीं।
कार्यक्रम में नर्सरी के बच्चों ने टॉय डांस, एलकेजी के विद्यार्थियों ने नेचर डांस, यूकेजी ने मनोरंजन की दुनिया, कक्षा पहली ने जंगल सफारी और कक्षा दूसरी के विद्यार्थियों ने सेल्फ कॉन्फिडेंस विषय पर प्रस्तुति दी।
