रतलाम, 28 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। सैलाना और बाजना स्थित एकलव्य आदर्श विद्यालय एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थियों की शिकायतों के बाद अब मामला भोपाल तक पहुंच गया है। रतलाम कलेक्टर अजय कटेसरिया ने विद्यार्थियों की शिकायतों और अधिकारियों के निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई के लिए जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त को प्रतिवेदन भेजा है। इसमें छात्रावासों की भोजन व्यवस्था, आवश्यक सामग्री की खरीदी और मेस टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है।
विद्यार्थियों ने कुछ समय पूर्व पैदल रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं रखी थीं। शिकायत में छात्रावासों में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने, निर्धारित मापदंड के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलने और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं कराने के आरोप लगाए गए थे। विद्यार्थियों का कहना था कि उन्हें स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, बिस्तर, तकिया और कंबल जैसी जरूरी सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसके अलावा खेलकूद के लिए मैदान और खेल सामग्री की व्यवस्था नहीं होने की शिकायत भी की गई थी।
पिछले सत्र में भी हुआ था धरना और पैदल मार्च
विद्यार्थियों ने शिकायत में बताया कि पिछले सत्र में भी इन्हीं समस्याओं को लेकर धरना और पैदल मार्च किया गया था। इसके बावजूद व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्होंने दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी थी।
मेस टेंडर समिति में जिला प्रशासन का प्रतिनिधि नहीं
शिकायतों के बाद कलेक्टर के निर्देश पर सहायक आयुक्त और सहायक संचालक द्वारा छात्रावासों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्राचार्य ने बताया कि सामग्री क्रय और मेस टेंडर के लिए विद्यालय स्तर पर समिति गठित की गई थी। इसी समिति के माध्यम से टेंडर और खरीदी संबंधी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण प्रतिवेदन में सामने आया कि गठित समिति में जिला स्तर से अथवा कलेक्टर कार्यालय का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं था। इसके आधार पर मेस टेंडर और जेम पोर्टल के माध्यम से की गई खरीदी की प्रक्रिया प्रथम दृष्टया नियमों के अनुरूप नहीं होना परिलक्षित हुआ है।
कलेक्टर अजय कटेसरिया द्वारा आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग भोपाल को भेजे गए प्रतिवेदन में पूरे मामले का उल्लेख करते हुए उचित कार्रवाई के लिए लिखा गया है।
इनका कहना है
“सैलाना और बाजना के एकलव्य विद्यालय एवं छात्रावासों के संबंध में विद्यार्थियों से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतों के आधार पर संबंधित अधिकारियों से निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण में मेस टेंडर और सामग्री खरीदी की प्रक्रिया में प्रथम दृष्टया कुछ अनियमितताएं सामने आई हैं। पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त को प्रतिवेदन भेजा गया है। विद्यार्थियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किया जाएगा।”
-अजय कटेसरिया, कलेक्टर रतलाम