रतलाम: रात भर जागकर काम कर रहे यह एसपी, ताकि जनता सो सके चैन की नींद…..एसपी अमित कुमार ने कराई हर थाना क्षेत्र की पूरी कुंडली तैयार, छोटी से छोटी जानकारी के साथ जिले के हर थाने की बुकलेट रेडी
रतलाम,27सितम्बर(खबरबाबा.काम)। जिले में अपराधों पर नियंत्रण, अवैध कारोबार पर कार्रवाई और आगामी त्यौहारों को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था को लेकर जिले के नवागत एसपी अमित कुमार ने पूरी मुस्तैदी से कार्य शुरू कर दिया है। दिन तो ठीक आधी रात के बाद तक भी एसपी थाना क्षेत्र का दौरा कर एक-एक पाइंट की जानकारी ले रहे हैं। एसपी ने जिले के हर थाना क्षेत्र की पूरी कुंडली भी बुकलेट के रूप में तैयार करवा ली है।
जिले के नवागत एसपी अमित कुमार की योजनाबद्ध कार्यप्रणाली ने जिले के पुलिस महकमें को भी एक्टिव कर दिया है। बात चाहे अपराधों पर नियंत्रण, कानून व्यवस्था की हो या आम जनता की सुनवाई की,सभी पॉइंट पर एसपी अमित कुमार स्वयं ध्यान दे रहे हैं।
देर रात तक फिल्ड में मौजूद
रतलाम में पदस्थापन के बाद से ही एसपी अमित कुमार देर रात तक कार्य कर रहे हैं। आधी रात के बाद तक में फील्ड में सक्रिय है, एसे में थाना क्षेत्र के अधिकारी भी मुस्तैद रहते है। एसपी रात में भी अन्य अधिकारियों के साथ अलग-अलग थाना क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां की भौगोलिक स्थिति और महत्वपूर्ण बिंदु से परिचित हो रहे हैं, साथ ही गश्त एवं अन्य व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश भी दे रहे हैं।
हर थाना क्षेत्र की पूरी कुंडली तैयार
एसपी अमित कुमार ने जिले के हर थाना क्षेत्र की पूरी कुंडली भी तैयार कराई है। हर थाने की एक बुकलेट बनाई गई है,जिसमें थाना क्षेत्र की छोटी से लेकर बड़ी जानकारी तक उपलब्ध है।
थाना क्षेत्र की जनसंख्या, उसमें कौन-कौन से क्षेत्र हैं, कितने धार्मिक स्थल है, थाना क्षेत्र में किस टाइप के अपराध ज्यादा हो रहे हैं, किन लोगों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, आपसी विवाद की कितनी शिकायते है, थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर और गुंडा लिस्ट की जानकारी, कितने लोग वर्तमान में जिला बदर है और कितने के प्रस्ताव तैयार होना है, थाने के पेंडिंग अपराध, गंभीर अपराधों का रिकॉर्ड, पिछले कुछ वर्षों में घटित गंभीर अपराध से लेकर कई तरह की जानकारियां एसपी अमित कुमार ने थाने से मांगी है और उसकी अलग-अलग बुकलेट भी तैयार कराई गई है।
इन जानकारियों के आधार पर एसपी अमित कुमार को जहां हर थाना क्षैत्र को समझने में मदद मिल रही है, वही अपराधों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर नई कार्य योजना भी तैयार की जा रही है।
मादक पदार्थों की तस्करी पर भी विशेष ध्यान
मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए भी एसपी अमित कुमार ने एन.डी.पी.एस. हेल्प लाईन नम्बर शुरू किया है। एसपी ने बताया कि 7049127867 पर कॉल करके आम जन अपने आस पास बाजार, शैक्षिणिक संस्थान, कार्य स्थल इत्यादि क्षेत्रों में मादक पदार्थ एमडी, गांजा, चरस, अफीम, डोडाचुरा आदि के बेचने व खरीदने की सूचना दे सकते हैं।