चुप ना रहे आवाज़ उठाएं- रतलाम पुलिस का महिला सुरक्षा के उद्देश्य से “मैं हूं अभिमन्यु” अभियान का शुभारंभ…कल किया जाएगा मैराथन दौड़ का आयोजन
रतलाम, 3अक्टूबर (खबरबाबा.काम)। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर रतलाम पुलिस द्वारा भी 10 दिवसीय ‘मैं हूं अभिमन्यु’ अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में महिला अपराधो, नशा, दहेज, रूढ़िवादिता,अश्लीलता, असंवेदनशीलता, भ्रूण हत्या, अशिक्षा, लिंगभेद, आदि बिंदुओं पर पुरुषो और बालकों को जागरूक कर सकारात्मक व्यवहार विकसित करना है।
रतलाम में एसपी अमित कुमार द्वारा एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन में और डीएसपी अजय सारवान के नेतृत्व में समस्त थाना प्रभारी की टीम को थाना क्षेत्र मे अभियान के प्रचार हेतु आदेशित किया गया है। आज एसपी अमित कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर “अभिमन्यु” रथ रवाना कर औपचारिक उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसपी अमित कुमार द्वारा जिले के युवाओं से महिलाओ एवम बालिकाओं की सुरक्षा के लिए अभिमन्यु की तरह बनकर आगे आने का आव्हान किया। साथ ही उपस्थित युवा वर्ग को महिला सुरक्षा एवम सामाजिक समानता की शपथ भी दिलाई गई। तत्पश्चात् प्रचार प्रसार हेतु अभिमन्यु रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया।
10 दिवसीय महिला सुरक्षा अभियान “में हूं अभिमन्यु” एवम “मैं हूं निर्भया” के संचालन हेतु पुलिस अधीक्षक रतलाम के नेतृत्व में नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा जिला रतलाम द्वारा चार टीम बनाई गई है, जिसमे महिला थाना प्रभारी निरीक्षक पार्वती गौड़ एवम थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक लिलियन मालवीय को टीम प्रभारी बनाया गया है,जो अपने सहायक गण के साथ मिलकर सम्पूर्ण नवरात्रि भर जिला रतलाम में विभिन्न कॉलेज, कोचिंग संस्थान,स्कूल,छात्रावास, गरबा पंडाल,दुर्गा पूजन स्थल,सार्वजनिक स्थलों पर जा जाकर प्रतिदिन महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से वाद विवाद, चित्रकला, भाषण, संगोष्ठी, युवा संवाद, परिचर्चा, सद्भावना दौड़, जागरुकता मूलक पोस्टर, पंपलेट्स वितरण, महिला सुरक्षा हेतु कानूनी जानकारियां, साइबर अपराध से सुरक्षा आदि महत्त्व की जानकारियां प्रदान करेंगी, इसमें निर्भया मोबाइल द्वारा भी भागीदारी दी जा रही है।
कल मैराथन का आयोजन
कल 4 अक्टूबर को सुबह 8 बजे नेहरू स्टेडियम से एक मैराथन दोड़ का कार्यक्रम रखा गया है। आज कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे, उप पुलिस अधीक्षक अजय सारवान, उप पुलिस अधीक्षक यातायात अनिल राय, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सुबेदार मोनिका ठाकुर, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रक्षित लाइन का बल उपस्थित रहा।