रतलाम, 7 मई(खबरबाबा. कॉम)।जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी और संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना ताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा, 3.480 किलोग्राम अफीम, अवैध पिस्टल और एक कार जप्त की है। कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना ताल पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ताल क्षेत्र के मकनपुरा गांव में अवैध मादक पदार्थ का भंडारण किया गया है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी आमिन खाँ के मकान के सामने ओटले पर रखे 8 कट्टों तथा सिल्वर रंग की इंडिगो कार में रखे 4 कट्टों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान 12 प्लास्टिक बोरों में भरा कुल 208.830 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। साथ ही एक प्लास्टिक केन में रखी 3.480 किलोग्राम अवैध अफीम भी जप्त की गई। मौके से एक अवैध लोहे की पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। फरार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
फरार आरोपी
1.आमिन खाँ पिता रुस्तम खाँ निवासी मकनपुरा, ताल
2.छोटू उर्फ बुक्कु खाँ पिता रुस्तम खाँ निवासी मकनपुरा, ताल
3.ब्राहिम पिता गफूर खाँ निवासी खेड़ा, थाना बरखेड़ाकलां