रतलाम, 21 मई (खबरबाबा.कॉम)। सैलाना के मुख्य बाजार में गुरुवार अलसुबह हुई चोरी की वारदात ने व्यापारियों और पुलिस दोनों की नींद उड़ा दी। स्टेट बैंक के पास, जैन मंदिर से सटी शत्रुंजय ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाश करीब 20 लाख रुपए कीमत के चांदी के आभूषण समेट ले गए। सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालु की नजर आधे खुले शटर पर पड़ी तो चोरी का खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बोदीना निवासी गोपाल बैरागी रोजाना की तरह सुबह करीब 6 बजे जैन मंदिर पूजा के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने बगल में स्थित शत्रुंजय ज्वेलर्स का शटर आधा खुला देखा। शक होने पर उन्होंने तत्काल दुकान संचालक अनिल चंडालिया को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अनिल पिता धर्मचंद्र चंडालिया मौके पर पहुंचे। दुकान के भीतर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारियां और काउंटर अस्त-व्यस्त पड़े थे, जबकि दुकान में रखा अधिकांश चांदी का माल गायब था। बदमाश दुकान के ताले तोड़कर पास की गली में फेंक गए थे।
दुकान संचालक के अनुसार, चोर करीब 7 किलो से अधिक चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए माल की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है। वारदात के बाद सराफा व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सैलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई शंकरसिंह शक्तावत और आरक्षक तूफान भूरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
मुख्य बाजार क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी ने रात की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के लिए फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है, जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।