इंदौर, 12 जून(खबरबाबा. कॉम)। इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेवा सहकारी संस्था मर्यादित अत्याना, गौतमपुरा के दो कर्मचारियों को किसान से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने किसान का केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण रिन्यू करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुनघारा, तहसील देपालपुर निवासी किसान जाकिर हुसैन पटेल (62) ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उन्होंने वर्ष 2024 में केसीसी के तहत 2 लाख रुपये का ऋण लिया था। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं होने के कारण वर्ष 2026 में ऋण नवीनीकरण के लिए उन्हें ब्याज सहित 2 लाख 30 हजार रुपये जमा करना थे। आरोप है कि ऋण रिन्यू करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए सेवा सहकारी संस्था मर्यादित अत्याना के कर्मचारियों ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसपी लोकायुक्त इंदौर डॉ.राजेश सहाय के निर्देशन में ट्रैप दल का गठन किया गया।
शुक्रवार को लोकायुक्त टीम ने गौतमपुरा स्थित संस्था कार्यालय में कार्रवाई करते हुए अमन जोशी (कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रभारी समिति प्रबंधक) तथा रमेशचंद्र पंड्या (सहायक समिति प्रबंधक)को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम-2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक प्रतिभा तोमर के नेतृत्व में आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, शैलेंद्र सिंह बघेल, आशीष नायडू, कमलेश परिहार और मनीष माथुर शामिल रहे।