रतलाम, 21 जून (खबरबाबा.कॉम)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) रविवार को जिले के 9 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 3358 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान फ्रिस्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, बिजली आपूर्ति, जनरेटर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच की गई। अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों के साथ बैठक कर परीक्षा के सुचारू संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।
रिपोर्टिंग सुबह 11 बजे से, 1:30 बजे के बाद प्रवेश बंद
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 11 बजे से शुरू होगी। परीक्षा केंद्रों के द्वार दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे, इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट और कार्यपालक दंडाधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं के विशेष इंतजाम
परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं बिजली कंपनी ने सभी केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
शहर में इन 9 केंद्रों पर होगी परीक्षा
1. शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, कॉलेज रोड
2. शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, सागोद रोड
3. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सागोद रोड
4. स्वामी विवेकानंद कॉमर्स कॉलेज
5. शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय
6. रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल, रेलवे कॉलोनी
7. एमएलबी स्कूल, कोठारीवास
8. शासकीय पीएमश्री शबरी माता कन्या शिक्षा परिसर, वरोठ माता मंदिर क्षेत्र
9. शासकीय जवाहर हायर सेकेंडरी स्कूल, विरियाखेड़ी
अभ्यर्थी रखें इन बातों का ध्यान
अभ्यर्थियों को हल्के कपड़े पहनकर तथा बिना हील की चप्पल या सैंडल में परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र में केवल एडमिट कार्ड, मूल पहचान पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति रहेगी। ओएमआर शीट भरने के लिए ब्लैक बॉल प्वाइंट पेन केंद्र पर उपलब्ध कराया जाएगा।मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, बेल्ट, आभूषण एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।