रतलाम, 20 जून(खबरबाबा. कॉम)। जिले की रिंगनोद पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी के संगठित नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए एक प्रापर्टी ब्रोकर और महिला सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ अब तक इस प्रकरण में कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि पुलिस ने रतलाम शहर से गिरफ्तार तीनों आरोपियों के नाम उजागर नहीं किए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले की शुरुआत 12 मई 2026 को हुई थी, जब रिंगनोद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रतलाम निवासी युनुस पिता सैय्यद को 55 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार ड्रग्स जब्ती तक सीमित न रहते हुए पूरे नेटवर्क की पड़ताल की गई। वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर की गई पूछताछ में आमिर उर्फ अन्नू बाबा, आसिम और सुधीर कल्याणे के नाम सामने आए, जिन्हें गिरफ्तार किया गया। इनके बाद मिली जानकारियों के आधार पर रतलाम शहर में सक्रिय नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य आरोपियों, जिनमें एक महिला भी शामिल है, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक प्रॉपर्टी ब्रोकर भी शामिल है। इनके नाम पुलिस ने उजागर नहीं किए हैं।
पुलिस का कहना है कि जिले में अब “नेटवर्क आधारित कार्रवाई” की रणनीति पर काम किया जा रहा है, जिसके तहत छोटे पैडलर्स से लेकर बड़े सप्लायर्स तक सभी कड़ियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
एसपी अमित कुमार और एएसपी विवेक कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में एसडीओपी जावरा ग्रामीण संदीप मालवीय, थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, चौकी प्रभारी ढोढर उप निरीक्षक रघुवीर जोशी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।