रतलाम, 09 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)। बेरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह में शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए सात बाल अपचारी सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल सर्चिंग अभियान शुरू किया और कुछ ही समय में छह बाल अपचारियों को नामली थाना क्षेत्र से अभिरक्षा में ले लिया। वहीं, एक बाल अपचारी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
सुरक्षाकर्मी पर हमला कर भागे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात बाल संप्रेक्षण गृह में तैनात सुरक्षा गार्ड पर बाल अपचारियों ने हमला कर दिया। इसके बाद सातों मौका पाकर संप्रेक्षण गृह के मेन गेट से भाग गए। घटना के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार, एसडीएम तरुण जैन, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और भागे बाल अपचारियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया।
कुछ ही देर में छह पकड़ाए
पुलिस की सक्रियता के चलते सात में से छह बाल अपचारियों को नामली क्षेत्र से अभिरक्षा में ले लिया गया। पकड़े गए बाल अपचारियों से पुलिस घटना की पूरी कड़ी और भागने की योजना को लेकर पूछताछ कर रही है।एक बाल अपचारी अभी भी नहीं मिला है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी की गई है।
दो दुष्कर्म और एक हत्या के मामले में निरुद्ध
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भागे बाल अपचारियों में दो दुष्कर्म, एक हत्या,एक पर हत्या का प्रयास , एक रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध थे।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर किस तरह सात बाल अपचारी एक साथ सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर परिसर से बाहर निकलने में सफल हुए, इसे लेकर पुलिस और प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।