रतलाम, 18 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)। शहर में 20 वर्षीय BAMS छात्रा ने अपने साथ पढ़ने वाले युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का आरोप है कि युवक उसे शास्त्री नगर स्थित एक मकान में ले गया, कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन कर उससे शादी करने का दबाव बनाया।
छात्रा की शिकायत पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी जुबेर पुत्र अजित मंसूरी, निवासी उमरिया पानी, जिला बड़वानी, को बड़वानी जिले के वरला क्षेत्र से हिरासत में लिया है।
माता-पिता के साथ थाने पहुंची छात्रा
पुलिस के अनुसार, छात्रा अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह रतलाम के एक निजी कॉलेज में BAMS की पढ़ाई कर रही है। 1 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे उसके साथ कालेज में पढ़ने वाला जुबेर उसे शास्त्री नगर स्थित एक मकान में ले गया। आरोप है कि वहां कमरे का दरवाजा बंद कर उसे बंधक बना लिया गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए गए।
छात्रा ने आरोप लगाया कि इस दौरान युवक ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। बाद में उस पर हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने और उससे शादी करने के लिए दबाव बनाया गया। ऐसा नहीं करने पर वीडियो को वायरल करने और जान से खत्म करने की धमकी दी गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने का आरोप
छात्रा के अनुसार, घटना के बाद डर के कारण उसने तत्काल परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में आरोपी ने कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिए। इसके बाद छात्रा ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई और पुलिस में शिकायत की।
छात्रा ने पुलिस को वीडियो से संबंधित सामग्री की पेनड्राइव भी सौंपी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे बड़वानी जिले के वरला से हिरासत में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।