रतलाम, 18 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)। औद्योगिक थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय विवाद गहरा गया, जब नाबालिग लड़की से मिलने उसके घर पहुंचे 20 वर्षीय युवक पर उसके पिता ने कथित तौर पर कांच की बोतल से हमला कर दिया। हमले में युवक के गले पर गंभीर चोट आई है। उसे उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी और वर्तमान में बिरियाखेड़ी में रहने वाला समीर (20) मंगलवार दोपहर 16 वर्षीय नाबालिग से मिलने उसके घर पहुंचा था। उस समय लड़की के माता-पिता घर पर नहीं थे। इसी दौरान नाबालिग के माता-पिता अचानक घर लौट आए। घर में युवक को देखकर लड़की के पिता नाराज हो गए और विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान लड़की के पिता ने घर में रखी कांच की बोतल फोड़ दी और उसके टूटे हुए हिस्से से समीर के गले पर वार कर दिया। हमले में युवक के गले पर गहरा घाव हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस और FSL अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार और परीक्षण किया जा रहा है।घटना के बाद नाबालिग लड़की भी मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस को दिए प्रारंभिक बयान में उसने आरोप लगाया कि उसके पिता ने कांच की बोतल फोड़कर युवक के गले पर वार किया। युवती ने पुलिस को बताया कि वह और समीर पिछले करीब तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। इधर नाबालिक के पिता ने युवक पर हमले के आरोपो से इनकार किया है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।