रतलाम, 19 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)। बाजना में ठिकरिया रोड पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शराब दुकान के मैनेजर की मौत हो गई। खाना खाने के बाद दुकान के बाहर टहल रहे 60 वर्षीय विश्वेश्वर पाल को तेज रफ्तार बाइक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण पाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बाजना के ठिकरिया रोड पर मां चामुंडा इंटरप्राइजेस की शराब दुकान संचालित है। यहां मैनेजर के रूप में कार्यरत विश्वेश्वर पाल मंगलवार रात करीब 9.30 बजे खाना खाने के बाद दुकान के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान दुकान से करीब 50 मीटर दूर एक बाइक के चालक ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि पाल उछलकर पीछे की ओर जा गिरे। सड़क पर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वे खून से लथपथ हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों और दुकान पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल बाजना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा है। बाजना थाना पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामले की जांच शुरू कर दी है।
इटावा के रहने वाले थे पाल
साथियों के अनुसार, विश्वेश्वर पाल मूल रूप से उत्तरप्रदेश के इटावा जिले के रहने वाले थे। उनका परिवार वर्तमान में इंदौर के विजयनगर क्षेत्र में रहता है, जबकि पाल बाजना में शराब दुकान के कार्यालय में ही रह रहे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर है।