रतलाम, 5सितम्बर (खबरबाबा. कॉम)। आगामी अनंत चतुर्दशी सहित अन्य त्योहारों के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं अमित कुमार ने संयुक्त रूप से कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शांति एवं कानून व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए। माहौल बिगाड़ने वाले, झगड़ा करने वाले अथवा अनावश्यक भीड़ जुटाकर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले न्यूसेंस एलिमेंट के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए जरूरत पड़ने पर मुकदमा दर्ज किया जाए।
कलेक्टर कटेसरिया ने कहा कि जिले के गुंडा तत्वों को प्रभावी रूप से बॉन्ड ओवर कराया जाए। बॉन्ड का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जाए। वहीं आदतन अपराधियों और लगातार कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जमीन विवाद में पुलिस-राजस्व मिलकर करें कार्रवाई
बैठक में जमीन विवाद से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से संयुक्त कार्रवाई करें, ताकि विवाद कानून व्यवस्था की स्थिति में न बदलें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पक्का हो या कच्चा, किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जबरन वसूली की शिकायतों पर जीरो टॉलरेंस
जबरन वसूली संबंधी शिकायतों को लेकर भी कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जबरन वसूली या उन्हें परेशान किए जाने की शिकायत मिलने पर तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार मुकदमा दर्ज किया जाए। मामलों में निष्पक्ष जांच के साथ संबंधित व्यक्तियों के दस्तावेज एवं पहचान की नियमानुसार जांच भी सुनिश्चित की जाए।
जुलूस और संवेदनशील क्षेत्रों में रहेगी विशेष नजर
आगामी त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस, आयोजन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी एसडीएम एवं एसडीओपी को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आयोजन समितियों एवं संबंधित विभागों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करने को कहा गया, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
बैठक में एट्रोसिटी एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की गई तथा संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। असामाजिक और उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, एडिशनल एसपी, जिले के एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।