रतलाम, 8 सितंबर(खबरबाबा. कॉम)।औषधि निरीक्षक बलराम चौधरी ने तहसील जावरा क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विश्वकर्मा मेडिकल, हर्ष मेडिकल, धाकड़ मेडिकल, रूनवाल केमिस्ट एवं पाटीदार मेडिकल की जांच की गई।
औषधि निरीक्षक ने दुकान संचालकों को दवाओं की खरीदी-बिक्री से संबंधित आवश्यक जानकारी तीन दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समयावधि में जानकारी प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नारकोटिक्स औषधियों की उपलब्धता और उनके क्रय-विक्रय की भी जांच की गई। इसके अलावा मेडिकल स्टोर संचालकों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
इनमें उचित स्थान पर लाइसेंस का प्रदर्शन, दुकान पर फार्मासिस्ट की उपलब्धता, साफ-सफाई की व्यवस्था, एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग और उचित प्रबंधन, स्टॉक रजिस्टर का संधारण तथा फ्रिज में रखी जाने वाली औषधियों का निर्धारित मानकों के अनुसार रख-रखाव शामिल है।
औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना पंजीकृत चिकित्सक के पर्चे के शेड्यूल औषधियों का विक्रय नहीं किया जाए तथा दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित सभी अभिलेख नियमानुसार संधारित किए जाएं।