रतलाम, 31 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, विक्रय और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने जिले में कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को विभाग की संयुक्त टीमों ने सैलाना, आलोट और जावरा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में छापेमारी की, वहीं 8 लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली।
ग्रामीण क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान टीमों ने 37 पाव देशी मदिरा प्लेन, 61 बल्क लीटर हाथ भट्ठी मदिरा और 1560 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया। कार्रवाई में कुल 8 प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 71 हजार रुपए बताई गई है।
सैलाना, आलोट और जावरा में संयुक्त कार्रवाई
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं सहायक आबकारी आयुक्त विकास मंडलोई के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने सैलाना, आलोट और जावरा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अवैध मदिरा विक्रेताओं के ठिकानों पर विधिवत तलाशी ली।
इस दौरान अवैध शराब और महुआ लहान बरामद किया गया। विभाग ने जब्त सामग्री के संबंध में आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) (क), 34(1) (च) एवं 36 के तहत कुल 8 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं।
8 लेन एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी, वाहनों की तलाशी
ग्रामीण क्षेत्रों में छापेमारी के साथ ही 8 लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भी आबकारी विभाग ने चेकिंग अभियान चलाया। टीमों ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। इसका उद्देश्य अवैध रूप से शराब के परिवहन पर रोक लगाना है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
आबकारी विभाग के अनुसार अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में विभाग के उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक शामिल रहे।