रतलाम, 31 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। रतलाम में नवीन जिला न्यायालय परिसर भवन निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्राम बंजली में न्यायालय परिसर के निर्माण के लिए 7.920 हेक्टेयर शासकीय भूमि आवंटित की गई है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने इस संबंध में आदेश जारी कर भूमि मध्यप्रदेश शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग को आवंटित की है।
जारी आदेश के अनुसार, तहसील रतलाम शहर के ग्राम बंजली स्थित शासकीय भूमि के सर्वे क्रमांक 346 में से 3.170 हेक्टेयर, सर्वे क्रमांक 350 में से 1.300 हेक्टेयर तथा सर्वे क्रमांक 320/1/1/1 में से 3.450 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। इस प्रकार कुल 7.920 हेक्टेयर भूमि नवीन जिला न्यायालय परिसर भवन निर्माण के लिए निर्धारित की गई है।
जिला नजूल भूमि निर्वर्तन समिति के निर्णय के आधार पर भू-राजस्व संहिता की धारा 237 के प्रावधानों के तहत भूमि के वर्तमान प्रयोजन में परिवर्तन करते हुए यह आवंटन किया गया है।
कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए हैं कि आवंटित भूमि का सीमांकन कर संबंधित विभाग को आधिपत्य सौंपा जाए तथा राजस्व अभिलेखों में आवश्यक प्रविष्टियां शीघ्र दर्ज की जाएं।
उल्लेखनीय है कि 29 अक्टूबर 2026 को जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रतलाम ने तहसीलदार रतलाम शहर एवं राजस्व निरीक्षक की उपस्थिति में आवंटित भूमि का स्थल निरीक्षण भी किया था।
