रतलाम, 13 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर सुबह का अखबार पढ़ रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में उनके साथ ऐसा हादसा हो जाएगा। अचानक गली में खुली घुम रही एक भैंस ने उन पर हमला कर दिया। भैंस ने सींगों से उन्हें उछालकर दूर फेंक दिया। हमले में बुजुर्ग के शरीर पर कई जगह गहरे घाव हो गए। अलग-अलग घावों पर कुल 20 टांके लगाने पड़े हैं। फिलहाल उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना गुरुवार सुबह रतलाम की कॉमर्स कॉलोनी स्थित मोहन नगर की है। बुजुर्ग अनवर हुसैन के बेटे और पोल्ट्री फार्म व्यवसायी मोहम्मद अली कुरैशी ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गली में खुला छोड़ देते हैं भैंसें, पहले भी किया था विरोध
मोहम्मद अली कुरैशी के मुताबिक, कॉलोनी में भैंसों का तबेला है। आरोप है कि तबेला संचालक रोजाना अपनी भैंसों को खुला छोड़ देता है, जिससे वे मोहल्ले की गलियों में घूमती रहती हैं। इसे लेकर कुरैशी सहित मोहल्ले के रहवासी कई बार आपत्ति जता चुके थे। लोगों ने भैंसों को बांधकर रखने की समझाइश भी दी थी, ताकि गली में आने-जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को परेशानी न हो।
अखबार पढ़ते समय अचानक किया हमला
गुरुवार सुबह मोहम्मद अली घर के अंदर थे और उनके पिता अनवर हुसैन घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इसी दौरान तबेले की भैंसें गली में आ गईं। इनमें से एक भैंस अचानक दौड़कर अनवर हुसैन के पास पहुंची और उन्हें सींगों से जोरदार टक्कर मारकर उछाल दिया।
बुजुर्ग की चीख-पुकार और शोर सुनकर उनकी पत्नी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला और भैंस को वहां से भगाया।
शरीर पर कई जगह गहरे घाव, 20 टांके लगे
हमले में अनवर हुसैन के दोनों हाथ-पैर, कमर और सीने सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने अलग-अलग घावों पर कुल 20 टांके लगाए हैं। फिलहाल बुजुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है।