रतलाम, 14 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। जिले के रावटी थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम बिलड़ी के समीप बीघा पाटन के जंगल में एक नाले के भीतर अज्ञात व्यक्ति का नरकंकाल मिला। कंकाल की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव काफी पुराना है। शरीर का केवल एक पैर ही बचा हुआ है, जबकि शेष हिस्सा पूरी तरह गलकर कंकाल में तब्दील हो चुका है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को जंगल में स्थित नाले के पास से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर मानव कंकाल पर पड़ी। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।बाद में रावटी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL अधिकारी अतुल मित्तल भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।
किसका है कंकाल, पुलिस खंगाल रही गुमशुदगी के रिकॉर्ड
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। कंकाल कितना पुराना है और व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सवालों के जवाब पोस्टमॉर्टम और FSL रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेंगे।