चीता मोबाइल की कार्यप्रणाली पर कार्रवाई, जावरा के 10 पुलिसकर्मियों को कारण बताओ नोटिस, एसपी ने हाईवे और ढाबों तक पहुंचकर की संदिग्धों की चेकिंग
रतलाम, 17 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और पुलिसिंग में लापरवाही को लेकर एसपी अमित कुमार का सख्त रुख सामने आया है। एक तरफ पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली में लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई की गई है, तो दूसरी तरफ शहर में एसपी खुद रात में सड़कों पर उतरकर पुलिस की गश्त व्यवस्था परख रहे हैं।
पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए की जा रही कार्रवाई में रतलाम शहर की चीता मोबाइल में तैनात दो पुलिसकर्मियों की एक-एक वेतनवृद्धि एक वर्ष के लिए रोकने का दंड दिया गया है। वहीं 29 कर्मचारियों को निंदा की सजा दी गई है। दूसरी ओर जावरा शहर की चीता मोबाइल में तैनात 10 कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
तीन साल के अपराधों का विश्लेषण, थाना प्रभारियों को टारगेट
कल नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी अमित कुमार ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें पिछले तीन वर्षों के अपराधों का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया। जिन थाना क्षेत्रों में अपराधों की संख्या बढ़ी है, वहां इसके कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में चोरी और संपत्ति संबंधी गंभीर अपराधों, लंबित प्रकरणों, फरार आरोपियों, आदतन अपराधियों, अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की गई। साथ ही ऑपरेशन मुस्कान, सीएम हेल्पलाइन और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर भी चर्चा हुई।
एसपी ने लंबित अपराधों के निराकरण के लिए विशेष टीमें बनाने, चोरी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा फरार और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
एसपी खुद रात में निकले, हाईवे और ढाबों पर चेकिंग
शहर में रात्रिकालीन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित कुमार ने केवल निर्देश देने तक सीमित रहने के बजाय खुद रात में गश्त व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शहर और हाईवे क्षेत्र का भ्रमण कर पुलिस की सक्रियता परखी।
इस दौरान हाईवे के संदिग्ध स्थानों और ढाबों पर रुककर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग भी की गई। एसपी ने गश्त अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान केवल निर्धारित स्थानों पर खड़े रहने के बजाय लगातार क्षेत्र में भ्रमण करें। सुनसान इलाकों, संवेदनशील स्थानों, मुख्य मार्गों और हाईवे पर विशेष निगरानी रखें।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमानुसार जांच करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से चोरी के मामलों की जांच
पुलिस के अनुसार शहर में हुई चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई है। टीम सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।