रतलाम, 16 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। सड़कों पर बनाए गए ऊंचे और अनावश्यक ब्रेकर वाहन चालकों के लिए ही नहीं, बल्कि एंबुलेंस में गंभीर मरीजों के लिए भी परेशानी और दर्द का सबब बन रहे हैं। रतलाम से सैलाना और ढोढर तक के रास्ते पर बने ब्रेकरों की स्थिति को लेकर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को ऐसा निर्देश दिया है, जो चर्चा का विषय बन गया है। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि एमपीआरडीसी के अधिकारी खुद एंबुलेंस में बैठकर रतलाम से सैलाना और रतलाम से ढोढर तक जाएं और महसूस करें कि बार-बार आने वाले ब्रेकरों से मरीजों को कितनी तकलीफ होती है।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने सड़कों पर मनमाने तरीके से बनाए जा रहे ब्रेकरों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ब्रेकर सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुसार ही बनाए जाने चाहिए। मुख्य मार्गों पर अनावश्यक ब्रेकर नहीं होने चाहिए और साइड रोड पर भी आवश्यकता के अनुसार ही इनका निर्माण किया जाए। एक ही स्थान पर पांच-पांच ब्रेकर बनाने का कोई औचित्य नहीं है, वहां दो ब्रेकर पर्याप्त हैं।
100 स्थानों पर अब भी ब्रेकर सुधार का काम बाकी
बैठक में एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने बताया कि जिले में 15 स्थानों पर ब्रेकर संबंधी कार्य किया जा चुका है, जबकि करीब 100 स्थानों पर काम शेष है। इस पर कलेक्टर ने एमपीआरडीसी के एजीएम मानवेंद्र कनेश और टोल मैनेजर आशीष मिश्रा से ब्रेकर निर्माण का औचित्य पूछा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि साइड रोड पर ही आवश्यकतानुसार ब्रेकर बनाए जाएं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को एंबुलेंस में सफर करने के साथ ही इस यात्रा के फोटो और वीडियो भी साझा करने के निर्देश दिए। अगली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इसकी समीक्षा की जाएगी।
छह इंच ऊंचे ब्रेकर नहीं, एंगल भी हो निर्धारित मानकों के अनुरूप
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ब्रेकर बनाने पर आपत्ति नहीं है, लेकिन इनका निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार होना चाहिए। छह इंच ऊंचे बड़े ब्रेकर नहीं बनाए जाएं। ब्रेकर का एंगल भी ऐसा हो कि वाहन आसानी से निकल सकें और मरीजों को झटकों के कारण अनावश्यक पीड़ा न झेलनी पड़े।
8 लेन पर नींद और झपकी से सावधान करने वाले बोर्ड लगेंगे
बैठक में कलेक्टर ने एनएचएआई के अधिकारियों को 8 लेन पर आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। इन बोर्डों पर वाहन चालकों को सड़क पर नींद या झपकी आने से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सचेत करने वाले संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि लंबी दूरी की यात्रा करने वाले चालक सतर्क रहें और संभावित हादसों को रोका जा सके।
महू-नीमच रोड पर 55 प्रतिशत दुर्घटनाएं, पुलिस को लगातार कार्रवाई के निर्देश
बैठक में सामने आया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की करीब 55 प्रतिशत घटनाएं महू-नीमच रोड पर हो रही हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों और पुलिस को सड़क सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने तथा लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।